NALSA (DAWN) योजना 2025 के अंतर्गत ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
NALSA (DAWN) – योजना 2025: “नशा मुक्त भारत हेतु मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन” के अंतर्गत गठित समिति के सदस्यों हेतु एक ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समिति के सदस्यों को योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं रणनीतिक कार्यान्वयन से परिचित कराना था।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद, श्रीमती रीतू यादव ने की, जो इस योजना के लिए नामित नोडल अधिकारी भी हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना माननीय श्री न्यायमूर्ति बी.आर. गवई (पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष, NALSA एवं वर्तमान भारत के मुख्य न्यायाधीश) द्वारा प्रारंभ की गई थी। यह योजना वर्ष 2015 की “NALSA लीगल सर्विसेज टू ड्रग एब्यूज एंड एरैडिकेशन ऑफ ड्रग मेनैस” का उन्नत संस्करण है। इसे विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं में नशा प्रवृत्ति की बढ़ती समस्या तथा माननीय उच्चतम न्यायालय के Ankush Vipan Kapoor बनाम राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी, 2024 (INCS 986) के निर्णय के अनुपालन में आरंभ किया गया है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि योजना का उद्देश्य नशा पीड़ितों को सहायता प्रदान करना, नशा उन्मूलन हेतु जन-जागरूकता फैलाना, कानूनी सहायता तथा पुनर्वास सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने समिति सदस्यों से आह्वान किया कि वे नवाचार के माध्यम से छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं व सामुदायिक कार्यकर्ताओं में नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर चर्चा की गई:
मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों की रिपोर्टिंग हेतु राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933, पोर्टल https://www.ncbmanas.gov.in की जानकारी।
नशा पीड़ितों हेतु परामर्श व पुनर्वास सहायता हेतु हेल्पलाइन 14446।
विधिक सहायता हेतु NALSA हेल्पलाइन 15100।
‘Say Yes to Life, No to Drugs’ नामक राष्ट्रीय ई-प्रतिज्ञा अभियान को बढ़ावा देने का आह्वान (https://www.pledge.mygov.in)।
कार्यक्रम में मुख्य विधिक सहायता बचाव वकील रविंदर गुप्ता ने मादक पदार्थों से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने NDPS अधिनियम, 1985; औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940; किशोर न्याय अधिनियम, 2015 तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017 का उल्लेख करते हुए कानूनी पहलुओं को स्पष्ट किया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 15(3), 21, 39(क) व 47 के संदर्भ में सरकार की जिम्मेदारी एवं इस योजना की संवैधानिक वैधता को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी बताया कि केवल पीड़ित को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार को भी मानसिक एवं सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है।
अंत में, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सभी सदस्यों को सूचित किया कि त्वरित समन्वय एवं सूचना आदान-प्रदान हेतु एक व्हाट्सएप समूह बनाया गया है। यह समूह योजना के प्रभावी कार्यान्वयन में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम का समापन सदस्यों को “नशा मुक्त समाज हेतु समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों के निर्वहन” का संकल्प दिलाते हुए किया गया।
