तिगांव के गांव घुड़ासन में रात ठहरे डीसी-पुलिस कमिश्नर, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फरीदाबाद ने शुक्रवार की सायं जिला के गांव घुड़ासन राजकीय प्राथमिक विद्यालय में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। डीसी विक्रम सिंह व पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनके जल्द समाधान के लिए सम्बंधित अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिए। जिला फरीदाबाद में तिगांव क्षेत्र सब डिवीजन बनेगा। ग्रामीणों की तहसील नजदीक बनने की मांग पर डीसी विक्रम सिंह ने यह जानकारी दी। इस दौरान जिला पार्षद रेखा त्यागी और गांव की सरपंच मुनेश त्यागी भी मौजूद रहीं। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की तरफ से सभी का फूल माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर अधिकारियों का स्वागत किया गया।

ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार उनकी जनसुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखें, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव में इंटरनेट व्यवस्था, फिरनी (गांव की परिधीय सड़क) को पक्का करना, प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी निर्माण तथा ट्यूबवेल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के लिए डी-प्लान और पंचायत समिति कोष से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि योजनाओं को शीघ्र अमल में लाया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने भी सभी गाँव वासियों को उनके गाँव घुड़ासन को नशा मुक्त घोषित होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह लक्ष्य आप लोगों के कारण ही प्राप्त हो पाया है और आप सभी को नशे के विरुद्ध इस अभियान को जारी रखते हुए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है जिससे कि हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्जवल हो सके। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस नशे के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही कर रही है और इसके परिणाम स्वरूप फरीदाबाद जिले का 2/3 हिस्सा नशा मुक्त हो चुका है और शेष बचे लक्ष्य को भी हम जल्द प्राप्त करते हुए पूरे फरीदाबाद को नशा मुक्त बनाएंगे। परन्तु इस कार्य में फरीदाबाद पुलिस को आप सभी के सहयोग की अपेक्षा है।

उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह भी स्वयं अपने बच्चों की निगरानी जरूर रखें, बच्चों को समझाएं कि नशा न केवल शरीर का नाश करता है बल्कि जीवन को तबाह कर देता है। नशा समाज और देश के लिए घातक है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल की गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में एक दूसरे की सुरक्षा को बनाये रखने व आपराधिक गतिविधियों को रोकने में आगे आने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर एडीसी सतबीर मान, डीसीपी बल्लभगढ़ राज कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण सहित गाँव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.