एलबीएस संस्कृत विश्वविद्यालय में नैक पीयर टीम का आगमन
श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय संस्कृत का विश्वप्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान है। यह विश्वविद्यालय 2020 से केन्द्रीय विश्वविद्यालय के रूप में विश्व भर में संस्कृत का प्रचार-प्रसार तथा संस्कृत के शास्त्रीय विद्या का विस्तार कर रहा है। यहाँ संस्कृत के विविध विषयों का आधुनिक पद्धति से अध्ययन-अध्यापन कराया जाता है। यहाँ शिक्षा एवं अनुसन्धान के सभी पहलुओं पर नवाचार विधि से छात्रों का शिक्षण-प्रशिक्षण होता है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को सर्वप्रथम लागू करने वाला भी यह विश्वविद्यालय है। इस विश्वविद्यालय से अध्ययन करने वाले छात्र लब्धप्रतिष्ठ विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों के निदेशक पदों को गौरवान्वित करते रहे हैं। इस विश्वविद्यालय के छात्र काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जैसे विश्वप्रसिद्ध संस्थानों में आचार्य पद पर सेवारत हैं। डॉ. नरेन्द्र कुमार झा जैसे होनहार छात्र आइएएस भी बने हैं। दिनांक 28 से 30 तक राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद् – नैक की पीयर टीम द्वारा इस विश्वविद्यालय का मूल्यांकन होना निश्चित हुआ है।
देश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों के गुणवत्ता का जांच करने हेतु नैक एक स्वायत्त संस्था के रूप में स्थापित है। नैक शिक्षण, अनुसन्धान, बुनियादी ढ़ांचे, प्रशासन एवं छात्र क्रियाकलाप जैसे विभिन्न पहलुओं को केन्द्र में रखकर मूल्यांकन करता है। विश्वविद्यालय की गरिमा एवं गुणवत्ता के अनुकूल ग्रेडिंग के विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र अपना उत्कृष्ट योगदान कर रहे हैं। नैक पीयर टीम के महानुभावों के स्वागत के लिए यह विश्वविद्यालय यथानिर्देश प्रतिबद्ध है।
