क्यूआर कोड बदलकर ठगी, 25 से ज्यादा दुकानों पर फर्जी कोड चिपकाए

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी मार्केट में अज्ञात लोगों ने एक ठगी को अंजाम दिया है। रात के समय कुछ लोगों ने मार्केट की कई दुकानों पर लगे असली क्यूआर कोड के ऊपर फर्जी क्यूआर कोड चिपका दिए। जिससे सुबह आने वाले ग्राहकों ने पेमेंट करते समय पैसे असली दुकानदार को भेजने के बजाय ठगों के खाते में भेज दिए।

घटना का सबसे पहले खुलासा शिव कचौड़ी वाले की दुकान पर हुआ। वह रोज़ सुबह छह बजे अपनी दुकान खोलते हैं। बुधवार जब कचौड़ी खरीदने आए ग्राहक क्यूआर कोड स्कैन करके पेमेंट करने लगे, तो दुकानदार को किसी भी पेमेंट का मैसेज नहीं आया। जब उन्होंने क्यूआर कोड को ध्यान से देखा, तो पाया कि उनके असली क्यूआर कोड पर कोई दूसरा कोड चिपका हुआ है। शिव कचौड़ी वाले ने बताया कि करीब 15-20 ग्राहक इसी फर्जी क्यूआर कोड पर पेमेंट करके चले गए, जिससे उन्हें करीब 2500 से 3 हजार का नुकसान हुआ।

जब उन्होंने यह बात अन्य दुकानदारों को बताई, तो कई दुकानदारों ने अपने क्यूआर कोड चेक किए और उन्हें भी ऐसा ही कुछ नजर आया। बताया जा रहा है कि मार्केट की करीब 25 से 30 दुकानों, जिनमें फास्ट फूड और हार्डवेयर की दुकानें भी शामिल हैं, के क्यूआर कोड को बदला गया है। असली क्यूआर कोड पेटीएम और फोनपे के थे, जिन पर गूगल के फर्जी क्यूआर कोड चिपकाए गए थे। जब इन क्यूआर कोड को स्कैन किया गया तो पेमेंट ‘मंजय कुमार गुप्ता और श्रीभगवान प्रसाद नाम के खातों में जा रहा था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

चावला कॉलोनी चौकी इंचार्ज ने बताया कि दुकानदारों की शिकायत दर्ज कर ली गई है और कंपनियों को ईमेल भेजकर जानकारी मांगी गई है कि ये फर्जी क्यूआर कोड किनके नाम से जारी हुए हैं। पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने क्यूआर कोड को रोजाना चेक करें और अगर कोई शक हो, तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। साथ ही ग्राहकों से भी कहा गया है कि पेमेंट करते समय क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद नाम जरूर जांचें, ताकि कोई ठगी न हो सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.