जब स्मारक विचारों से बड़े हो जाएं: प्रो. विधु रावल

27 मई को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि थी। कभी जिन्हें भारतीय गणराज्य का निर्माता बताया गया, उनकी स्मृति राष्ट्र के मानस में लगभग निर्वात सी प्रतीत हुई। क्या यह विस्मृति केवल समय का परिणाम है या यह जनमानस की एक सामूहिक समीक्षा है, जो नेहरू युग के उस चेहरे को खोज रही है जिसे दशकों तक सत्ता की संस्थागत चादर ने ढाँप रखा था?

पंडित नेहरू की पुण्यतिथि विस्मृति नहीं, पुनर्मूल्यांकन का क्षण रहा। नेहरू जी का व्यक्तित्व जितना अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में मुखर था, उतना ही भारतीय समाज की जटिल परंपराओं और संवेदनाओं से अनभिज्ञ प्रतीत होता है। वे शायद भारत को पश्चिमी आदर्शों में ढालना चाहते थे, पर यह भूल गए कि भारत कोई प्रयोगशाला नहीं, एक जीवित संस्कृति है। सत्ता की चकाचौंध में गढ़ा गया व्यक्तित्व यद्यपि कुछ समय के लिए इतिहास में चमक सकता है, पर अमरता उसे ही मिलती है जो लोकमन, लोकबुद्धि और लोकसंस्कार से जुड़कर जनता की पीड़ा को समझ सके, उसका निदान कर सके। नेहरू इस कसौटी पर खरे नहीं उतर सके।

नेहरू को ‘राष्ट्रनिर्माता’ घोषित करने की मुहिम दशकों तक सत्ता में रही कांग्रेस की वंशवादी सरकारों ने इस कौशल से चलाई कि उनकी छवि आलोचनातीत बना दी गई। किंतु इतिहास का मिजाज दीर्घकालीन होता है, वह प्रतीक्षा करता है, विश्लेषण करता है और फिर निर्णय सुनाता है। आज, जब हम वैश्विक मंचों पर भारत को एक आत्मविश्वासी, सांस्कृतिक रूप से जागरूक राष्ट्र के रूप में उभरते देख रहे हैं, तब नेहरू की नीतियों के दीर्घकालिक दुष्परिणाम अधिक स्पष्ट हो रहे हैं।

नेहरू जी ने इतिहास में अपनी जगह लिखवाने की कोशिश की, पर समस्या तब शुरू हुई जब इस कार्य की पूर्ति हेतु देश को ही अपनी सेवा में लगा दिया। भारत जैसे सांस्कृतिक राष्ट्र को उन्होंने एक ऐसी विचारधारा के चौखटे में बांधने की कोशिश की जो भारत की आत्मा से मेल नहीं खाती थी। कश्मीर, तिब्बत, नेपाल और चीन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लिए गए उनके निर्णयों ने न केवल सीमाएं कमजोर कीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को संघर्षों की एक स्थायी विरासत सौंप दी।

नेहरू-गांधी परिवार को चमकता दिखाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम के अधिकांश नायकों को विस्मृत कर दिया गया। 450 से अधिक संस्थान, योजनाएं, पुरस्कार और भवन नेहरू-गांधी परिवार के नाम रख दिए गए और बाकी स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक, शिक्षाविद, साहित्यकार और खिलाड़ी केवल इतिहास के फुटनोट बनकर रह गए! यह बात हर राष्ट्रप्रेमी मन को व्यथित करती है।

ऐसे में यह आश्चर्य नहीं कि आज नेहरू की पुण्यतिथि पर देश का आम नागरिक मौन है। वह अब इतिहास को नए सिरे से देखना चाहता है। वह सत्य की खोज में निकला है, वो सत्य जिसे सत्ता-हस्तक्षेप ने पुस्तकों में बदल दिया था। देश अब उन नेताओं को याद करना चाहता है जिन्होंने भारत को शब्दों से नहीं, कर्मों से गढ़ा; जिन्होंने राष्ट्र की आत्मा को समझा और उसका नेतृत्व किया।

यह समय नेहरू को नहीं, उस ऐतिहासिक प्रक्रिया को याद करने का है जो नेताओं को महान नहीं, बल्कि उनकी नीतियों को निर्णायक बनाती है। यह समय भारत की आत्मा से मेल खाते उस सशक्त नेतृत्व का है जो किसी परिवार या वंश से बंधा नहीं है और भारत को परम वैभव तक पहुँचाने को कृत-संकल्पित है।

पंडित नेहरू की पुण्यतिथि, इस रूप में, एक शोक का नहीं, नवजागरण का अवसर बनती है। [लेखक भाजपा प्रवक्ता हैं]

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.