शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साढ़े 35 लाख से अधिक की ठगी करने वाले 4 गिरफ्तार

फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 35 लाख 79 हजार 303 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरी प्राणायाम सेक्टर-85 में रहने वाले एक शख्स ने दी शिकायत में बताया था कि अप्रैल 2025 में उसे अचानक अनजान शख्स ने एक ग्रुप से जोड़ लिया। जहां स्टॉक मार्केट में निवेश कर पैसे कमाने के बारे में बताया जाता है।

ठगों ने उसे बताया वह लाभ का 20 प्रतिशत लेंगे और उसे निवेश की टिप्स देंगे। इसके बाद ठगों ने उसे एक एप का लिंक भेजा जहां उसे निवेश करना था और उस ऐप पर उसका खाता खुलवाया। जिसके बाद ठगों के कहे अनुसार उसने 35 लाख से अधिक निवेश कर दिए। उसने ठगों को उनके कमीशन के पैसे भी भेज दिए लेकिन उसे कोई पैसा वापस नहीं भेजा गया। इस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अब पुलिस ने जयप्रताप को मऊ गांव, हाथरस उत्तर प्रदेश, द्रोण को रनहेरा गांव, गौतमबुद्ध नगर, अनिल को दिल्ली व राघव को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

सभी आरोपित इन्हीं पतों पर रहते हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित जय प्रताप खाताधारक है, जिसके खाता में ठगी के 21 लाख रुपये आए थे। इसने अपना खाता द्रोण को दिया था। द्रोण नोएडा एयरपोर्ट पर लेबर के ठेके लेने का काम करता है जिसने यह खाता आगे अनिल को दिया था। आरोपित वैभव खाताधारकों व खाता उपलब्ध करवाने वालों को खाते में पैसे आने तक होटल में रखता था। जय प्रताप और द्रोण को आठ दिन के तथा अनिल व वैभव को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.