‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ बना तीसरी बार भाजपा सरकार की जीत का मंत्र : मनोहर लाल

तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय ‘जन विश्वास-जन विकास’ समारोह का हुआ आयोजन

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज शुक्रवार को सेक्टर- 12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन में जिला स्तरीय ‘जन विश्वास-जन विकास’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने की। जिला स्तरीय ‘जन विश्वास-जन विकास’ समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत लाभार्थियों को 50-100 वर्ग गज के प्लॉट आवंटन पत्र वितरित करके की गयी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद के सावित्री और अमी चंद को व्यक्तिगत रूप से प्लॉट आवंटन पत्र सौंपे। इस अवसर पर जिला स्तरीय समारोह में पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का शुभ सन्देश भी वर्चुअल रूप से सुना गया। समारोह में उपस्थित नागरिकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को बड़े उत्साह के साथ देखा और सुना।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म और गीत का प्रदर्शन देखा, जिसमें राज्य में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, विकास योजनाओं और सार्वजनिक हित के निर्णयों की झलक प्रस्तुत की गई। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आज प्रदेशभर में लगभग 9000 पात्र लाभार्थियों को 50-100 गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की एक विशेष पहल है, जिसके माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उन्होंने इस अवसर पर सभी लाभार्थियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्लॉट उनके लिए ‘दीपावली का उपहार’ हैं, जिससे उनका घर का सपना साकार होगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार ने मिलकर पिछले 11 वर्षों में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं

। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में अब तक करोड़ों परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है और अगले चार वर्षों में 7 करोड़ मकान प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरियाणा में ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को न केवल प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं, बल्कि मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता भी दी जा रही है, ताकि हर परिवार के सिर पर एक सुरक्षित छत हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का उद्देश्य केवल ईंट और गारे का मकान बनाना नहीं, बल्कि हर घर को शौचालय, बिजली, गैस, स्वच्छ पानी और राशन जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करना है। हरियाणा देश का पहला कैरोसिन फ्री स्टेट बना, जहां हर घर तक बिजली, गैस कनेक्शन और नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई है।  केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने ई-गवर्नेंस के माध्यम से प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है।

सीएम विंडो, सरल पोर्टल, परिवार पहचान पत्र, ओल्ड एज पेंशन और ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची, बिना खर्ची की भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और स्वामित्व योजना जैसी पहले सुशासन की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। गरीबों को मकान, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह योजना एक सशक्त कदम है। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बिना पर्ची, बिना खर्ची का नारा केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि सुशासन की नई परंपरा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यही नारा जनता के विश्वास का प्रतीक बना और इसी जनसमर्थन के बल पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, बडख़ल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और बल्लभगढ़ से भाजपा अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़, सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली,  मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ट, उपायुक्त विक्रम सिंह, एडीसी सतबीर मान, सीईओ जिला परिषद शिखा सहित जिला के तमाम आलाधिकारी भी सभागार में मौजूद रहे।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.