कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने किया डॉ. तरुणा नरुला की पुस्तक ‘फोटो पत्रकारिता’ का विमोचन

फरीदाबाद। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने मंगलवार आज संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. तरुणा नरुला द्वारा हिंदी में रचित पुस्तक ‘फोटो पत्रकारिता’ का विमोचन किया। यह पुस्तक फोटो पत्रकारिता के सैद्धांतिक आधार और व्यावहारिक तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालती है और छात्रों एवं कार्यरत पत्रकारों को व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करती है। पुस्तक ब्लू रोज पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित की गई है और यह विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तथा ई-बुक संस्करण में उपलब्ध है।
विमोचन समारोह में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने डॉ. नरुला को बधाई दी और कहा कि यह प्रकाशन छात्रों को फोटो पत्रकारिता की जटिलताओं से परिचित कराएगा और फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों के लिए उपयोगी मार्गदर्शक साबित होगा।

उन्होंने संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय के सबसे जीवंत और गतिशील विभागों में से एक बताया। प्रो. कुमार ने सभी संकाय सदस्यों से छात्रों के अध्ययन अनुभव को समृद्ध करने और गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें लिखने का आग्रह किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा विद्या भारती के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. भारद्वाज उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. नरुला के प्रयासों की सराहना की और कहा कि तेजी से विकसित हो रहे मीडिया परिदृश्य में नैतिक और कुशल पत्रकारिता को बढ़ावा देने में ऐसे प्रकाशनों का विशेष महत्व है।
इस अवसर पर लिबरल आर्ट्स एवं मीडिया स्टडीज की डीन प्रो. अनुराधा शर्मा, विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह, पूर्व प्रिंसिपल कृष्ण चंद्र अरोड़ा, ऑल इंडिया रेडियो के पूर्व समाचार वाचक राजेंद्र चुघ सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, अध्यक्ष और संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.