केंद्रीय राज्यमंत्री गुर्जर ने अनंगपुर-भाकरी गांव में किया ट्यूबवेल संबंधित कार्य का उद्घाटन

ट्यूबवेलों के निर्माण कार्य पर आएगी 01 करोड़ 50 लाख की लागत -गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारी प्राथमिकता: कृष्णपाल

फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तबसे देश भर के सभी राज्यों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री गुर्जर ने गुरुवार आज फरीदाबाद के गांव अनंगपुर और गांव भाकरी में लगभग 01 करोड़ 50 लाख की लागत से लगने वाले ट्यूबवेलों के निर्माण कार्य का विधिवत तरीके से गांव के बुजुर्गों से नारियल तुड़वाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने सबका साथ, सबका विकास की नीति को पूरी तरह से अपनाया है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास और सरकारी सेवाओं के लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और हरियाणा सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली विभाग का पदभार संभालते हुए फरीदाबाद के लिए 2800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई थी, जिससे आने वाले दो वर्षों में पूरे शहर की बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में फरीदाबाद हर दृष्टि से एक आदर्श और विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा।

बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में अब 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है, पीने के पानी की समस्या कम हुई है, और लोगों को अन्य मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला में ग्रामीण व शहरी विकास समान रूप से बढ़ रहा आगे। उन्होंने यह भी बताया कि गांव के सार्वजनिक स्थलों, जैसे स्कूल और गांव की चौपालों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है ताकि गांव का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाएं बेहतर हो सकें। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, पार्षद जगत भड़ाना, गांव के सरपंच, पंचायत सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.