केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल अचानक पहुंचे सराय ख्वाजा स्कूल; पुराने साथियों संग यादों की चौपाल, भावुक हुए मंत्री!

फरीदाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल अचानक सराय ख्वाजा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। उनका यह दौरा किसी औपचारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था, बल्कि अपनी पुरानी यादें ताजा करने की एक भावनात्मक पहल थी। दरअसल, वर्ष 1978 से 1980 के दौरान जब मनोहर लाल फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में कार्यरत थे, तब वे इसी स्कूल में लगने वाली शाखाओं में नियमित रूप से आते थे और युवाओं को संघ से जुड़ने के लिए प्रेरित करते थे। स्कूल पहुंचने पर जिला शिकायत निवारण समिति, फरीदाबाद के सदस्य देवेन्द्र अग्रवाल (देबू) समेत कई समाजसेवियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। देवेन्द्र अग्रवाल, सचिन मंगला, बुद्ध प्रकाश तायल, देवेन्द्र यादव, सागर गर्ग, जुगल अग्रवाल, विनोद मंगला और नरेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने केंद्रीय मंत्री को फूलों का गुलदस्ता, पौधा और शॉल भेंट किया।

इस दौरान मनोहर लाल ने अपने पुराने सहयोगियों को याद करते हुए भावुक पल साझा किए। उन्होंने पंडित वीरेंद्र और महेश गर्ग का जिक्र किया, जिनके यहां वे उस दौर में ठहरते थे। देवेन्द्र अग्रवाल ने मौके पर फोन पर पंडित वीरेंद्र से उनकी बात भी कराई। जब उन्हें पता चला कि महेश गर्ग अब इस दुनिया में नहीं रहे, तो उनके चेहरे पर गहरी संवेदना झलक उठी। उन्होंने उपस्थित लोगों को अपने प्रचारक काल के कई रोचक किस्से सुनाए और कहा कि फरीदाबाद मेरी कर्मभूमि रही है, यहां के लोगों ने हमेशा अपनापन दिया है।
इस मौके पर देवेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि मनोहर लाल भले ही अब केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन उनका व्यवहार आज भी वैसा ही सरल और विनम्र है जैसा वर्षों पहले था। मनोहर लाल की यह अचानक यात्रा न केवल स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणादायक बनी, बल्कि स्कूल के पुराने दिनों की स्मृतियों को भी जीवंत कर गई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.