श्मशान घाट की दीवार गिरी, 2 बच्चियों समेत 5 की मौत, जाम लगाया

गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मदनपुरी स्थित श्मशान घाट के पीछे वाले गेट की दीवार अचानक गिर गई। इससे वहां बैठे 6 लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे के नीचे दबने से 2 बच्चियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह गुस्साए मृतकों के परिजनों ने बसई रोड पर पटौदी चौक पर जाम लगा दिया।

मृतकों की पहचान वीर नगर निवासी तान्या (11), खुशबू (10), अर्जुन नगर निवासी देवी दयाल उर्फ पप्पू (70), मनोज गाबा (54), कृष्ण कुमार (52) के रूप में हुई है। घटना अर्जुन नगर पुलिस चौकी से लगते इलाके की है। यहां पर श्मशान घाट की 18 फीट ऊंची दीवार थी, जो गिरी है।

घायल दिलीप कुमार ने कहा कि श्मशान भूमि सुधार समिति प्रबंधन को दीवार ठीक कराने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसे ठीक नहीं कराया। थाना न्यू कॉलोनी में श्मशान भूमि सुधार समिति प्रबंधन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

गली में बैठकर बात कर रहे थे
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग दीवार के साथ गली में कुर्सियों पर बैठे हैं। 4 सेकेंड के अंदर अचानक दीवार गिरती है और वे नीचे दब जाते हैं। दीवार को गिरता देख वे कुर्सियों से उठ कर भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन सब इतनी जल्दी हुआ कि वह संभल नहीं पाए। इसके बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचते हैं और मलबा हटाना शुरू कर देते हैं।

इसके बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान पप्पू, कृष्ण, मनोज और मासूम बच्ची खुशबू की मौत हो गई। गुरुग्राम पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की और शवों को कब्जे में ले लिया।

मौके पर मौजूद अभिसार ने बताया कि दीवार के साथ यहां लकड़ियां डाली गई हैं। इस वजह से दीवार झुक गई थी। कुछ लोग गली में दीवार के साथ बैठे हुए थे। बच्चे इसके पास खेल रहे थे तो अचानक दीवार गिर गई। वहां खड़ी कुछ बाइकें भी मलबे के नीचे दब गईं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.