धू-धूकर जली रावण की लंका, श्रीराम-सीता की झांकियों ने मन मोहा

फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, श्री सनातन धर्म महाबीर दल एवं पंजाबी सभा, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में लंका दहन कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम से पूर्व सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। शोभायात्रा के बाद दशहरा ग्राउंड में लंका दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम की लंका विजय की लीला का मंचन किया गया तथा शहरा ग्राउंड में प्रतीकात्मक रूप से लंका दहन किया गया। लंका दहन के दृश्य को देखकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

लंका दहन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को यह संदेश दिया कि बुराई और अहंकार चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंत में विजय सत्य और धर्म की ही होती है। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि दशहरा और लंका दहन का पर्व बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ा जाए। कार्यक्रम में बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पंजाबी सभा, फरीदाबाद के प्रधान राजकुमार वोहरा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

दशहरा पर्व हमें अपने जीवन से बुराइयों को दूर कर सदाचार और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। धार्मिक परंपराओं का संरक्षण और उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा और दशहरा ग्राउंड में किए गए लंका दहन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश दिया। विशेषतौर पर कानपुर से कई श्रद्धालु अपने पूरे परिवार के साथ फरीदाबाद के दशहरा मैदान में आयोजित लंका दहन कार्यक्रम देखने पहुंचीं। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, श्री सनातन धर्म महाबीर दल एवं पंजाबी सभा, फरीदाबाद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को उजागर किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.