जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएं कार्यकर्ता : पंकज पूजन रामपाल

भाजपा फरीदाबाद की संगठनात्मक बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और मंडल सुदृढ़ीकरण पर हुआ मंथन

फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदाबाद की मासिक संगठनात्मक बैठक जिला भाजपा कार्यालय ‘अटल कमल’ पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, मंडलों को सुदृढ़ बनाने, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे सेवा कार्यों की समीक्षा तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और मंडल महामंत्री उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने फरीदाबाद जिले के सभी 877 बूथों पर पन्ना प्रमुख तक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बूथ को सक्रिय बनाने, शक्तिकेंद्रों पर मासिक संगठनात्मक बैठकें आयोजित करने, नियमित बूथ बैठकें करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम तथा पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को जोडऩे पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद, शक्तिकेंद्रों और बूथों पर नियमित प्रवास तथा जनसंपर्क आवश्यक हैं। उन्होंने मंडल प्रभारियों को मंडल स्तर पर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करने और सरल पोर्टल पर संगठन की सभी गतिविधियों की रिपोर्ट नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, जिला कोषाध्यक्ष राजन मुथरेजा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, सीमा भारद्वाज, भारती भाकुनी, मुकेश शर्मा, जिला आईटी प्रमुख, जिला कार्यालय सचिव राज मदान, ग्रेटर फरीदाबाद मंडल प्रभारी वजीर सिंह डागर, अमित आहूजा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.