दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने मर्सिडीज और थार के उड़ाए परखच्चे, एक घायल

फरीदाबाद। नेशनल हाईवे नंबर-19 पर देर रात एक अनियंत्रित काली स्कॉर्पियो ने भारी तांडव मचाया। ओल्ड मेट्रो स्टेशन के पास घटित इस भीषण दुर्घटना में नशे में धुत एक चालक ने तेज रफ्तार के साथ पहले एक मर्सिडीज बेंज और फिर एक थार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि टक्कर लगते ही लग्जरी गाड़ियों के टायर तक निकल गए और बोनट के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रही एक मर्सिडीज कार को पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ब्लैक स्कॉर्पियो ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि मर्सिडीज सड़क पर घूम गई और उसमें सवार लोग बाल-बाल बचे। हादसा यहीं नहीं रुका। स्कॉर्पियो चालक ने नियंत्रण खोते हुए आगे चल रही सफेद रंग की थार गाड़ी को भी जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद थार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, बोनट उखड़ गया और एक टायर तक बाहर निकल आया। थार में उस वक्त दो युवक और एक महिला मौजूद थे, जिन्हें गनीमत रही कि गंभीर चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-16 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की पहचान और मेडिकल जांच की प्रक्रिया जारी है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद कुछ समय में हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.