हरियाणा दिवस पर मंत्री विपुल गोयल ने किया प्रदेश की प्रगति का आकलन, पेपरलेस रजिस्ट्री का किया ऐलान

फरीदाबाद। हरियाणा के 60 वें स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा ने देश के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाई है। खेल, शिक्षा, रोजगार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य जल्द ही देश का पहला ऐसा राज्य बनेगा, जहां प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पूरी तरह पेपरलेस और पारदर्शी प्रणाली से होगा।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा की यह प्रगति केवल सरकारी नीतियों का परिणाम नहीं है, बल्कि मेहनती नागरिकों, कर्मठ किसानों, प्रतिभाशाली युवाओं और निष्ठावान कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती वीरता, परिश्रम और संकल्प की प्रतीक रही है। हरियाणा ने न केवल अनाज, दूध और औद्योगिक उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की है, बल्कि खेलों और शिक्षा-तकनीकी क्षेत्रों में भी प्रदेश ने नई ऊँचाइयाँ छुई हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक नागरिक को विकास की इस यात्रा में सहभागी बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हरियाणा को आधुनिक बनाने के साथ-साथ इसकी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को भी संरक्षित रखना जरूरी है। इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियां एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर हरियाणा का सपना देख सकें। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर रही है।

इसके तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा दिवस के मौके पर पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत की है। इसके साथ ही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों के खातों में हर माह 2100 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। मंत्री ने कहा कि हरियाणा अब देश के सबसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों में से एक है। औद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सूचना प्रौद्योगिकी सहित हर क्षेत्र में प्रदेश ने नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे राज्य की प्रगति और विकास की इस यात्रा में सक्रिय रूप से योगदान दें।
विपुल गोयल ने आश्वासन दिया कि हरियाणा के हर नागरिक को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलेगा और राज्य की प्रगति को और गति देने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.