विधायक मूलचंद ने मोहना रोड एलिवेटेड पुल पर गार्डर रखने के कार्य का किया शुभारंभ

बल्लभगढ़। मोहना रोड पर बन रहे एलिवेटेड पुल के निर्माण में शनिवार आज एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत हुई। पुल पर गार्डर रखने का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा मूलचंद शर्मा ने पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर रोड निर्माण कंपनी के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि यह पुल उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे अगले कुछ महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। पुल के बनने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और जेवर एयरपोर्ट तक का मार्ग भी और सुगम हो जाएगा।

पुल का महत्व केवल शहर तक सीमित नहीं है। मूलचंद शर्मा ने बताया कि यह पुल सेक्टरवासियों को मेट्रो स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचने में सुविधा देगा। साथ ही, करीब 85 गांवों के ग्रामीण इस पुल से लाभान्वित होंगे। मोहना रोड मार्केट के दुकानदारों को भी व्यापारिक लाभ मिलेगा, क्योंकि यातायात सुगम होने से ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर विधायक ने पुल निर्माण में लगे इंजीनियरों और कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी और कहा कि कार्य को उच्च गुणवत्ता और तेज गति के साथ पूरा किया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

विधायक ने यह भी कहा कि यह पुल न केवल यातायात सुगमता बढ़ाएगा बल्कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। यह परियोजना बल्लभगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस मौके पर भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा, पारस जैन, नॉमिनेट पार्षद योगेश शर्मा, प्रदीप गुप्ता, मोहन, अमित सिंगला, शिव प्रसाद गौड़, राहुल गोयल और एसडीओ रविंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.