साइनाइट रसायन से प्रवासी मजदूर की मौत, पूर्व विधायक ने लगाई कार्रवाई की गुहार

फरीदाबाद। सेक्टर-24 प्लॉट नंबर 319-20 स्थित शिवा टेक्निक प्रा. लि. कंपनी में कार्यरत एक प्रवासी मजदूर धीरज चौबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के बाद पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर एसआईटी गठित कर पोस्टमार्टम कराने व कंपनी पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। श्री शर्मा ने अपने पत्र में लिखा है कि यह कंपनी प्रतिबंधित तकनीक और जहरीले रसायन (साइनाइट) का प्रयोग कर हीट ट्रीटमेंट कार्य करती है। जब मजदूर धीरज चौबे काम कर रहा था, तभी हीट ट्रीटमेंट के दौरान साल्ट से उत्पन्न साइनाइट के छींटे उसके शरीर पर पड़े और रक्त के संपर्क में आने से उसकी मृत्यु हो गई। जबकि मजदूर केवल लगभग 10-15 प्रतिशत ही जला था। पूर्व विधायक ने इस दुर्घटना को स्पष्ट रूप से रासायनिक जहरीले पदार्थ से हुई मौत करार देते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन और श्रम विभाग की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने मांग की है कि न केवल इस कंपनी पर बल्कि ऐसी सभी कंपनियों पर, जो प्रतिबंधित तकनीक या साइनाइट जैसे खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल करती हैं, तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। श्री शर्मा ने आग्रह किया है कि पूरे हरियाणा में ऐसी इकाइयों की जांच कर इन पर रोक लगाई जाए ताकि भविष्य में किसी और गरीब मजदूर की जान न जाए। पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने इस मामले बारे पत्र लिखकर चंडीगढ़ व फरीदाबाद  के सभी अधिकारियों को अवगत करवाया। गौरतलब है कि पूर्व विधायक नीरज शर्मा इससे पहले भी पावर प्रेस मशीनों में सेंसर लगाने की मुहिम चला चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकार ने प्रदेश की सभी औद्योगिक इकाइयों में सेंसर लगाना अनिवार्य किया था। उन्होंने कहा कि “मजदूरों की सुरक्षा से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है, और जब तक फरीदाबाद में एक भी मजदूर असुरक्षित है, तब तक मेरी लड़ाई जारी रहेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.