जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही की मांग, दिल्ली प्रदर्शन में शामिल हुईं महापौर प्रवीण बत्रा
डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
तहलका जज्बा। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने अपने समर्थकों और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी कांग्रेस सांसद अँगोमचा बिमोल के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों को अपने नेताओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामलों में भी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
दिल्ली रवाना होने से पहले महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने फरीदाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि महिला सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस अपने नेताओं से जुड़े मामलों में चुप्पी क्यों साध लेती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीति करने के बजाय निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
महापौर ने कहा कि महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयास जारी रहने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने नेताओं से जुड़े आरोपों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी कांग्रेस के प्रति लोगों की नाराजगी दर्शाती है। महापौर ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
