स्वच्छता, नशा-मुक्ति और राष्ट्रीय एकता पर समाज को जागरूक करना जरूरी : मूलचंद शर्मा

पूर्वमंत्री ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर किया रन फॉर यूनिटी मैराथन का शुभारंभ

फरीदाबाद। राष्ट्रीय एकता दिवस व प्रथम गृह मंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने छोटे-छोटे रजवाड़ों को एक झंडे के नीचे संगठित कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्श, जीवन मूल्य और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से हर नागरिक, विशेषकर युवाओं को प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर समाज को जागरूक करना हम सबकी जिम्मेदारी है। व्यक्तित्व, धन और शक्ति से अधिक महत्वपूर्ण है ज्ञान, संस्कार तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण—और यह प्रेरणा महान व्यक्तित्वों की जीवन यात्रा से प्राप्त होती है।

जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया। इस मौके पर भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल तथा भाजपा बल्लभगढ़ अध्यक्ष सोहन पाल छोकर भी उपस्थित रहे। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प दिलाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही बडख़ल, बल्लभगढ़ एवं पृथला विधानसभा क्षेत्रों में भी उपमंडल स्तर पर इसी प्रकार के मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में 31 अक्टूबर से 26 नवंबर तक राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर एकता, स्वच्छता, नशा-मुक्ति और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी श्रंखला में बल्लभगढ़ में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, खेल प्रतिभाओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्री शर्मा ने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के विचारों से जोडऩा, समाज में राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करना और देश के प्रति कर्तव्य भावना को मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, अनुशासन अपनाएं और समाज में सद्भाव व भाईचारे को बढ़ावा दें। ‘रन फॉर यूनिटी‘ मैराथन सेक्टर-12 खेल परिसर से आरंभ हुई और सेक्टर-15 मार्ग से होते हुए लेबर कोर्ट तक पहुंची। इसके उपरांत वापस लौटते हुए यह दौड़ पुन: सेक्टर-12 खेल परिसर पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुई।  सब डिविजन लेवल पर गौंछी पुलिस स्टेशन से आयोजित रन फॉर यूनिटी मैराथन को एनआईटी विधायक सतीश फागना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले गृहमंत्री बनें थे। जिन्होंने देश की सभी रियासतों को एक झंडे के नीचे संगठित किया। उनकी इस अमिट छाप को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। वे हमेशा- हमेशा के लिए देश की एकता-अखंडता के प्रेरणा स्रोत बनें रहेंगे। सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती पर उन्हें अखण्ड भारत के निर्माण की नींव रखने में अहम भूमिका निभाने पर उन्हें याद किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया है। उनके सार्थक प्रयास और ठोस निर्णय से भारत एक बड़ा राष्ट्र बना है।  बडख़ल विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम बडख़ल तथा नगर निगम पार्षदों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। मैराथन बीके चौक से प्रारंभ होकर एनआईटी-5 मार्ग से होते हुए चिमनीबाई धर्मशाला तक उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम सिंह, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, एडीसी सतबीर मान, बडख़ल एसडीएम त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसडीएम मयंक भारद्वाज, मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ, निगम पार्षद सतीश चंदीला, कर्मवीर बैसला, जगत फागना, गजेन्द्र भड़ाना, विरेन्द्र भड़ाना, हरिंदर भड़ाना, हरि किशन गिरोटी तथा तीनों मंडलों के अध्यक्ष अमित आहूजा, मनप्रीत सिंह, नंद किशोर सहित अन्य कई अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.