बच्चों को शिक्षा के साथ धार्मिक संस्कार देना भी आवश्यक : राजेश नागर
विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में नवरात्रि संस्कार महोत्सव में पहुंचे राज्यमंत्री
फरीदाबाद। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि संस्कार महोत्सव में हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल परिसर में लगातार नौ दिनों तक बच्चों और सामाजिक गणमान्य लोगों की सहभागिता के साथ आयोजित की जा रही पूजा-अर्चना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल हमेशा लीक से हटकर कार्य करने के लिए जाना जाता है और नवरात्रि संस्कार महोत्सव इसी दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। इस प्रकार की पहल निश्चित रूप से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और जीवन में कुछ बड़ा करने का संकल्प विकसित करना भी है।
विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में प्रतिदिन मां भगवती की आराधना होते देख बच्चे निश्चित रूप से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ेंगे। इससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होगा और वे जीवन में सफलता के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझेंगे। उन्होंने नौ दिनों तक लगातार इस तरह के भव्य आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े कार्यक्रम का सफल आयोजन मजबूत टीमवर्क, आपसी समन्वय और समर्पण के बिना संभव नहीं है। इससे न केवल शिक्षकों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि बच्चों को भी सामूहिक प्रयास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की महत्वपूर्ण सीख मिलती है।
मंत्री ने विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल की घरौड़ा शाखा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी वे समय-समय पर जाते रहे हैं। क्षेत्र में खेलकूद को बढ़ावा देने और बच्चों को आगे बढऩे के अवसर प्रदान करने में स्कूल की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। प्रदीप परमार सेक्रेटरी पंजाब एंड हरियाणा बार कौन्सिल* ने कहा कि अपने लंबे अधिवक्ता जीवन में उन्होंने किसी विद्यालय में लगातार नौ दिनों तक इस तरह की पूजा-अर्चना होते हुए बहुत कम देखा है। एक-दो दिन का आयोजन करना अलग बात है, लेकिन नौ दिनों तक पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सुनियोजित प्रबंधन के साथ इस परंपरा को निभाना वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए स्कूल के चेयरमैन धर्मपाल यादव और निदेशक दीपक यादव का आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का धन्यवाद किया।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को इसी प्रकार निरंतर समाज और विद्यार्थियों के हित में कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। नवरात्रि संस्कार महोत्सव शहर में अपनी अनूठी पहचान बना रहा है। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल की यह पहल उसके मूल मंत्र संस्कार ही शिक्षा है को सार्थक करती है, जिसमें आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों को समान महत्व दिया जाता है। कार्यक्रम में राहुल गोयल (चेयरमैन), दिनेश यादव, संदीप चौधरी, तेजपाल शर्मा (प्रधान), डी.पी. रावत, कमल सोलंकी, अमरनाथ शर्मा, जगदीश मास्टर, उदयवीर गिल, योगेश बंसल और अजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवरात्रि संस्कार महोत्सव की सराहना करते हुए इस अनूठी पहल को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और बच्चों में संस्कारों के विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।
