फरीदाबाद में ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ का भव्य हेलमेट लंगर, 750 हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रिबन काटकर किया शुभारंभ, 2 लाख रुपये की घोषणा; समापन पर पहुंचे राज्य मंत्री राजेश नागर ने भी की 1 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
फरीदाबाद। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-16, फरीदाबाद में सामाजिक संस्था ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की ओर से भव्य हेलमेट लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रिबन काटकर किया। इस दौरान 750 हेलमेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और शहर के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम में संस्था के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया और उनकी पूरी टीम ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का स्वागत किया। मंत्री विपुल गोयल ने संस्था द्वारा पिछले एक वर्ष से लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ लोगों की जिंदगी बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और टीम को भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने खुद पहनाए हेलमेट
कार्यक्रम में फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी भी पहुंचीं। उन्होंने हेलमेट लंगर में आए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
इस अवसर पर डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महापौर ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी प्रशंसा की।
एक वर्ष पूरा होने पर राजेश नागर ने दी बधाई, 1 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम के समापन के दौरान हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर पहुंचे। उन्होंने हेलमेट लंगर में आए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और संस्था के प्रयासों की सराहना की। गौरतलब है कि 22 सितंबर 2025 को राज्य मंत्री राजेश नागर ने ही ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ के हेलमेट वितरण अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के एक वर्ष पूरे होने पर उन्होंने संस्था की पूरी टीम को बधाई दी और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
इस प्रकार कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर ने मिलकर संस्था के सामाजिक अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 3 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
लखन कुमार सिंगला ने 100 और वरिष्ठ पत्रकार सूरज भान ने 50 हेलमेट देने की घोषणा की
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला ने ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट उपलब्ध कराने के लिए सराहनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि संस्था को फरीदाबाद के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भी हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।
लखन कुमार सिंगला ने अपनी ओर से संस्था को 100 हेलमेट सहयोग स्वरूप देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी संस्था को जब जरूरत होगी, वह हरसंभव सहयोग करेंगे। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार सूरज भान ने भी सड़क सुरक्षा के इस सामाजिक अभियान में सहयोग देते हुए अपनी ओर से संस्था को 50 हेलमेट देने की घोषणा की। दोनों की घोषणाओं से संस्था के अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। इन घोषणाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को हेलमेट उपलब्ध कराने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
ट्रैफिक ताऊ ने समझाए यातायात के नियम
कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र बल्हारा ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने समझाया कि सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक, बल्कि उसके परिवार की खुशियों को भी खतरे में डाल सकती है।
हेलमेट लंगर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। आयोजकों की ओर से लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। नवरात्रि के प्रथम दिन को ध्यान में रखते हुए फल भी उपलब्ध कराए गए। सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सड़क सुरक्षा के संदेश से सराबोर इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को जागरूकता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
उमेश कुंडू के शानदार मंच संचालन ने बांधा समां
कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश कुंडू ने किया। अपने प्रभावशाली अंदाज, शानदार वक्तृत्व शैली और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने पूरे कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उन्होंने मंच से लगातार ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की सामाजिक पहल, टीम के समर्पण और सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए उपस्थित लोगों को जागरूक किया। उनके प्रभावशाली मंच संचालन ने कार्यक्रम को आकर्षक और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गणमान्य लोगों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र शर्मा बबली, पार्षद कुलदीप सिंह साहनी, पार्षद सचिन शर्मा, भाजपा युवा नेता अजीत नंबरदार, मनोनीत पार्षद प्रियंका बिष्ट, पूनम भाटिया, शैली बब्बर, ज्योति सैनी, अनिल नंबरदार, योगेश, सैन समाज के प्रतिनिधि, हेम सिंह राणा, डॉ आर एन सिंह, अनिल नागर, प्रवीण मल्होत्रा और प्रवेश मलिक सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार सूरज भान ने भी संस्था के अभियान को सहयोग देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राकेश मौर्या, रिंकू खनकवाल और उनकी पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के संरक्षक अशोक रखेजा, जितेंद्र वत्स, अरविंद बक्शी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया। वहीं, टीम के मुख्य सदस्यों अरविंद बक्शी, ओर अंजली, महेश गोठवाल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने में विशेष योगदान दिया।
अंत में राकेश कुमार सुखवारिया, अशोक रखेजा, अरविंद बक्शी,राकेश मौर्या, रिंकू, जितेंद्र वत्स, रविंद्र पाल सिंह, रामकरण और अंजलि, महेश गोठवाल सहित संस्था के सदस्यों ने कार्यक्रम में पहुंचकर अभियान को अपना सहयोग और आशीर्वाद देने वाले सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
हेलमेट वितरण से आगे, जिंदगी बचाने का संकल्प
‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ का हेलमेट लंगर केवल हेलमेट बांटने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने सड़क सुरक्षा को जन-अभियान बनाने का संदेश दिया। संस्था का उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना, यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की हानि को कम करने के लिए समाज को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने यह संदेश दिया कि एक हेलमेट किसी परिवार की खुशियां बचाने का माध्यम बन सकता है और किसी की जिंदगी बचाना ही सबसे बड़ी सामाजिक सेवा है।
