एक नंबर मार्किट में शार्ट सर्किट से कपड़ों के शोरुम में चार दुकानें जलीं

फरीदाबाद। फरीदाबाद की एनआईटी नंबर-1 मार्केट में बुधवार देर रात कपड़ों के शोरूम में लगी आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में चार बड़ी दुकानों में रखा लाखों रुपए का कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फायर विभाग की कई गाडिय़ों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, एनआईटी नंबर-1 मार्केट में देर रात एक कपड़े के शोरूम में अचानक आग लग गई। उस समय आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया था। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई।

आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फायर विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायरकर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। कई घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान काफी हद तक जल चुका था। आग लगने के पीछे फिलहाल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना कोतवाली एनआईटी के प्रभारी मंजीत के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों के बारे में अभी कुछ कहना संभव नहीं है। प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.