दिल्ली आश्रम से फरीदाबाद तक बनेगा एलिवेटेड फ्लाईओवर : विपुल गोयल

पूर्व विधायक पं. टेकचंद शर्मा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उमड़ा लोगों का जनसमूह

फरीदाबाद। सेक्टर 37 अशोका एनक्लेव में प्रदेश सरकार के मंत्रियों विपुल गोयल,  राजेश नागर एवं गौरव गौतम का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारों ने लोगों को सुशासन का मार्ग दिखाया है। इसका धन्यवाद करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 अक्टूबर को हरियाणा की धरती पर पहुंच रहे हैं। आपको भी मैं इसमें सम्मिलित होने का निमंत्रण देता हूं। गोयल ने कहा कि फरीदाबाद के लोगों को दिल्ली से कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए दिल्ली आश्रम रोड से फरीदाबाद तक एलिवेटेड पुल मिलेगा। जिसके बाद लोगों को फरीदाबाद से आश्रम तक जाने में जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा और यह रोड पूरी तरीके से रेड लाइट फ्री होगा। वहीं मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश का सम्पूर्ण विकास करना ही नायब सरकार का एक लक्ष्य है। कभी सडक़ों के लिए ताकने वाले तिगांव में ही चौड़ी कंक्रीट की सडक़ें, बिजली स्टेशन, नए स्कूल, आईटीआई विकास की कहानी लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पैसे की कमी कभी आड़े नहीं आएगी।

उन्होंने कहा कि खुशहाली का रास्ता सडक़ों से होकर जाता है। आज उन क्षेत्रों में भी हम सडक़ बना रहे हैं जहां पिछले तीन दशक में सडक़ नहीं बनी थी।  मंच को संबोधित करते राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हम तीनों मंत्री आपकी सभी समस्याओं को दूर करने के लिए वचनबद्ध हैं। इससे पहले पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता टेकचंद शर्मा ने अशोका एनक्लेव, सेक्टर 37 और नहर पार के लोगों की कुछ मांगों का पत्र तीनों मंत्रियों को सौंपा जिसमें सेक्टर 37 के एंट्री पॉइंट पर शराब के ठेके बंद कराने, दिल्ली मुंबई बड़ौदा हाइवे पर सेक्टर 37 के पास कट की मांग, सराय ख्वाजा पर टोल को हटाने की मांगें भी शामिल रहीं। जिनमें से अधिकांश मांगों को अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर जल्द से जल्द पूरा करने का वादा मंत्रियों ने मंच के माध्यम से किया।  इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, भाजपा जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अजय प्रताप भड़ाना, भाजपा नेता उमेश भाटी, मुकेश शर्मा और पार्षद गण आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.