वार्ड-1 में 5 करोड़ रुपये से बनेगी ई-लाइब्रेरी, विधायक मूलचंद शर्मा ने किया शिलान्यास

बल्लभगढ़। वार्ड नंबर-1 स्थित सेक्टर-25 में नगर निगम द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाने वाली ई-लाइब्रेरी का शिलान्यास विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद मुकेश डागर सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि यह ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए वरदान साबित होगी। यहां उन्हें पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

इससे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और भविष्य संवारने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को लगभग एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पार्षद मुकेश डागर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक मूलचंद शर्मा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों से लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं। कार्यक्रम में सेक्टर-25 और राजीव कॉलोनी के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.