फरीदाबाद में ड्राइवर ने ट्रक के केबिन में लगाई फांसी

फरीदाबाद।  सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार देर रात एक ट्रक ड्राइवर ने अपने ही ट्रक के केबिन में मोबाइल की डेटा केबल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले निवासी 35 वर्षीय कुसबीर के रूप में हुई है। घटना की सूचना बुधवार सुबह मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक कुसबीर लंबे समय से फरीदाबाद में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। वह निजी कंपनियों के लिए कार्य करता था और अक्सर ट्रांसपोर्ट नगर में ही अपने ट्रक के साथ रहता था। मंगलवार रात करीब 9 बजे कुसबीर की मुलाकात उसके साथी ड्राइवरों से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने कहा कि वह शराब पीने जा रहा है।

रात करीब 11 बजे उसने शराब पी भी ली थी और फिर अपने ट्रक की ओर लौट गया। बुधवार सुबह जब उसके साथी ड्राइवर सोनू सिंह और अन्य ड्राइवरों ने ट्रक की ओर देखा, तो पाया कि कुसबीर ट्रक के केबिन में लटका हुआ था। केबिन का दरवाजा अंदर से बंद था। ड्राइवरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-58 थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में केबिन का दरवाजा खुलवाया और शव को बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुसबीर ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। प्राथमिक जांच में किसी तरह की बाहरी चोट या झगड़े के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.