वाटर पॉलिसी का लाभ उठाएं नागरिक, जल्द लें पानी-सीवर कनेक्शन: सलोनी शर्मा

फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा घोषित नई वॉटर पॉलिसी के तहत नगर निगम फरीदाबाद ने नागरिकों को पानी और सीवर कनेक्शन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष कैंपों का आयोजन किया। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच स्थानों पर कैंप लगाए गए।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित कैंपों में नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला और कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए। सबसे अधिक सक्रियता पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर में रही, जहां पानी और सीवर कनेक्शन के लिए 95 आवेदन प्राप्त हुए। नगर निगम की इस पहल से नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है और वे सीधे अपने आवेदन जमा कर पा रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह और कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने विभिन्न कैंपों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आज कैंप बल्लभगढ़ भाटिया कॉलोनी, सेक्टर 7, ओल्ड फरीदाबाद, पर्वतीय कॉलोनी और मुजेसर गांव में आयोजित किए गए, और कल भी इसी तरह के विशेष कैंप जारी रहेंगे।
सेक्टर 10 निवासी अजय सिंघल और सेक्टर 7 निवासी अमित कुमार ने इसे सरकार की उत्कृष्ट पहल बताया। अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने पानी और सीवर कनेक्शन समय पर वैध कराएं। मौके पर एसडीओ सुरेंद्र खट्टर, जेई अंकित गोयल, एडवाइजर अनिल मेहता और पीआरओ जोगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.