युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ा रही केंद्र सरकार : कृष्णपाल गुर्जर

75 उद्योगों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 600 युवाओं को मिले ऑफर लेटर

फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश के युवाओं में अपार प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता है। युवाओं को उनकी योग्यता और हुनर के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना भी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत आईटीआई सेक्टर 18 में रोजगार मेले का आयोजन किया। जिसमें भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को उद्योगों से जोडऩे और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया तथा 75 उद्योगों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न कंपनियों की ओर से 600 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। उन्होंने ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज के बदलते दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव, संवाद कौशल, अनुशासन और समय प्रबंधन भी जरूरी हैं। एआई, डिजिटल सेवाओं और आधुनिक उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं को निरंतर सीखते हुए समय की मांग के अनुरूप अपने कौशल विकसित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और कौशल आधारित प्रशिक्षण के साथ प्रशिक्षण संस्थानों व उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है, ताकि युवाओं को वास्तविक कार्यक्षमता और रोजगार के अवसर मिल सकें। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में दुधौला में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कौशल विकास विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। ऐसे संस्थान युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ निजी क्षेत्र, उद्योग, आईटी, विनिर्माण, कृषि, सहकारिता और उद्यमिता में भी व्यापक संभावनाएं हैं। युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार आगे बढऩा चाहिए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहल युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि आज प्लंबिंग, इलेक्ट्रिशियन, घरेलू सेवाओं, सफाई, खाना बनाने और कपड़े धोने जैसी सेवाओं की भी काफी मांग है। युवा इन क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करके अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें, नए कौशल सीखें और स्वरोजगार की संभावनाओं का लाभ उठाएं।

आज के समय में नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यम स्थापित करने और दूसरों को रोजगार देने की सोच भी विकसित करना आवश्यक है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें युवाओं की मेहनत, नवाचार, कौशल और उद्यमशीलता की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं को सही अवसर, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में 600 युवाओं को ऑफर लेटर मिलना उत्साहजनक उपलब्धि है। जिन युवाओं को इस बार अवसर नहीं मिला, वे निराश न हों और अपनी तैयारी व कौशल को मजबूत बनाएं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर देश के विकास में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।  इस अवसर पर भगत सिंह नौहर, रोजगार कार्यालय फरीदाबाद के अधिकारी  कमल छावड़ा, राजवीर सिंह, बृजेश, प्रधानाचार्य योगेश मंडल, कवि देवेंद्र और सतीश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.