भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंजीता मेहता ने सार्थक स्कूल सेक्टर 12 पंचकूला में नेत्र जांच शिविर का उद्घाटन किया
सार्थक स्कूल, सेक्टर 12 पंचकूला में आज नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंजीता मेहता मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं और उन्होंने शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। यह निशुल्क नेत्र जांच शिविर कोशेर ऑप्टिक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सामाजिक दायित्व के तहत आयोजित किया गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री समर महापात्रो ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनके आने के लिए आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में रंजीता मेहता ने कहा कि बच्चों की दृष्टि उनके भविष्य और आत्मविश्वास की नींव होती है। उन्होंने बच्चों को आंखों की सुरक्षा के लिए मोबाइल का सीमित उपयोग, सही रोशनी में पढ़ाई और नियमित नेत्र जांच जैसे सरल लेकिन आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बचपन में की गई छोटी सावधानियाँ जीवनभर दृष्टि को सुरक्षित रखती हैं।
अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के स्क्रीन टाइम और पढ़ाई की आदतों पर नजर रखना, समय-समय पर आंखों की जांच करवाना और किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जागरूक माता-पिता ही बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित दृष्टि प्रदान कर सकते हैं।
उन्होंने नेत्र जाँच शिविर टीम और कोशेर ऑप्टिक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की इस सामाजिक पहल की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बच्चों और स्थानीय नागरिकों की आंखों की जांच की और आवश्यक परामर्श प्रदान किया वह बच्चों को निशुल्क चश्मा भी प्रदान किए गए।
अंत में, रंजीता मेहता ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश का मजबूत भविष्य हैं। उन्होंने डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और स्कूल प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए ऐसे शिविरों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
