मोदी चौक पर दिनदहाड़े ‘गन प्वाइंट’ पर बदमाशों ने सेल्समैन से छीनी डेढ़ लाख की नकदी

फरीदाबाद। शहर के मुजेसर थाना क्षेत्र स्थित मोदी चौक पर आज सुबह बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। माचिस और टॉफी की सप्लाई करने वाले एक सेल्समैन से तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय मुजेसर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरीदपुर निवासी चमन सेल्समैन का काम करता है। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे, वह मोदी चौक पर दुकानों से पेमेंट इकट्ठा कर रहा था।

एक परचून की दुकान से 21 हजार रुपये लेने के बाद जैसे ही वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर आगे बढ़ने लगा, तभी पीछे से एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए। बदमाशों ने तुरंत हथियार लहराते हुए चमन को रोक लिया और बैग छीन लिया, जिसमें अलग-अलग दुकानों से जमा किए गए कुल डेढ़ लाख रुपये मौजूद थे।
जांच अधिकारी दुलीचंद ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब मोदी चौक और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। उनका यह भी कहना है कि यह किसी रेकी का मामला हो सकता है, क्योंकि बदमाशों को सेल्समैन के कैश कलेक्शन के समय की सटीक जानकारी थी। जांच अधिकारी ने विश्वास दिलाया है कि आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.