आंगनवाड़ी केंद्र बनेगा बच्चों के पोषण और शिक्षा का सशक्त आधार : राजेश नागर

राज्यमंत्री ने किया गांव खेड़ी कलां में नव-नवीनीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने आज गांव खेड़ी कलां में नव-नवीनीकृत एवं सौंदर्यीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला। मंत्री ने सभी महिलाओं को दुर्गा अष्टमी की बधाई दी और 8वें राष्ट्रीय स्तरीय पोषण माह 2025 को सफल बनाने के लिए आव्हान किया। उन्होंने मोटापे पर नियंत्रण के महत्व और संतुलित आहार के लाभों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।

इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, दिव्यांग सशक्तिकरण कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित रख-रखाव, मरम्मत और सौंदर्यीकरण को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिला कार्यक्रम अधिकारी मिनाक्षी चौधरी ने विभाग द्वारा भेजे गए गतिविधि कैलेंडर के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा कि कुपोषण को जड़ से खत्म करने का एकमात्र रास्ता संतुलित आहार है।

उन्होंने सभी को जिले में व्यापक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मंत्री राजेश नागर ने गर्भवती महिला की गोद भराई, 6 माह से अधिक उम्र की बच्ची का अन्नप्राशन आशीर्वाद प्रदान किया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत प्ले स्कूल में पौधारोपण भी करवाया। पोषण अभियान जिला संयोजक गीतिका सभरवाल ने उपस्थित सभी को पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. मंजू श्योरान ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में सुपरवाइजर सुनीता नागर, मधु, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर भी उपस्थित रहे।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.