गांव नेकपुर में एडीसी और डीसीपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रात्रि ठहराव कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने नेकपुर में ग्रामीणों से किया संवाद

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फरीदाबाद की ओर से सोमवार की सायं गांव नेकपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान तथा पुलिस उपायुक्त मक़सूद अहमद ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कार्यक्रम में एसडीएम बडख़ल त्रिलोक चंद, ग्राम सरपंच शेखर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। एडीसी सतबीर मान ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत की गई मांगों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि नेकपुर गांव का नशा मुक्त होना सराहनीय है और इस जागरूकता को बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे का व्यापार करने वाले व्यक्तियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करे। उन्होंने यह भी कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रदेश में लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और सभी ग्रामीण इस अभियान को और सफल बनाने में सहयोग करें। डीसीपी मक़सूद अहमद ने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सडक़ सुरक्षा और आपातकालीन नंबर 112 के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को साइबर अपराधों से सतर्क रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता का सहयोग ही सुरक्षित और सशक्त समाज की आधारशिला है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नशा मुक्ति अभियान में सहयोग देने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

 

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.