संभल की हिंसा में तीन मौत, इंटरनेट बंद, पुलिस की गोली से मौत: परिजन

संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में तीन युवकों की मौत हो गई। कमिश्नर ऑन्जनेय सिंह ने से इसकी पुष्टि की है। हिंसा में सीओ अनुज चौधरी और एसपी के PRO के पैर में गोली लगी है। एसपी समेत 15 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हैं।

हिंसा के बाद अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूरे शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी तीन रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

इधर, मृतकों के परिजनों का दावा है कि पुलिस की गोली से मौत हुई है। हालांकि कमिश्नर ने कहा, ‘पुलिस फायरिंग में कोई मौत नहीं है। हमलावरों की फायरिंग में युवकों की जान गई है।’

तीन युवकों की मौत से शहर में फिर तनाव हो गया है। सपा सांसद बर्क के इलाके में भी पथराव की घटना हुई। हिंसा के बाद एडीजी रमित शर्मा, आईजी मुनिराजजी मौके पर पहुंच चुके हैं।दरअसल, रविवार सुबह 6.30 बजे डीएम-एसपी के साथ एक टीम जामा मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी। टीम देखकर मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। कुछ ही देर में करीब दो से तीन हजार से ज्यादा लोग जामा मस्जिद के बाहर पहुंच गए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।

इसके बाद भगदड़ जैसे हालात हो गए। अचानक पथराव शुरू हो गया, पुलिस को भागना पड़ा। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे फिर लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। उग्र भीड़ ने 3 चौपहिया और 5 बाइकों में आग लगा दी। हालात कई घंटे बेकाबू रहे। सड़कों से 4 ट्रॉली पत्थर हटाए गए हैं।

डीएम ने संभल में 24 घंटे के लिए बंद किया इंटरनेट
संभल के डीएम राजेंद्र पैंसिया ने संभल तहसील में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है। डीएम ने कहा कि सिर्फ संभल तहसील में इंटरनेट बंद है।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले- सर्वे टीम से एतराज क्यों, क्या कुछ छिपाने की कोशिश की जा रही
संभल हिंसा पर मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा, ‘जहां भी कोई विवाद हो रहे हैं, वहां पर सर्वे टीम जा रही है और वो अपना काम कर रही है। इससे एतराज क्यों किया जाता है। यदि वो लोग सही हैं तो उनको एतराज नहीं होना चाहिए और अगर गलत है तो छिपाना नहीं चाहिए। जो लोग सरकारी आदेश या न्यायालय के आदेश पर जा रहे हैं उन पर पथराव करने की क्या जरूरत है? बैठकर बात करें।’

संभल हिंसा के पीछे समाजवादी पार्टी- बोले आचार्य प्रमोण कृष्णम
संभल में कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और पूर्व कांग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि संभल में हिंसा के पीछे समाजवादी पार्टी के कुछ नेता हैं। समाजवादी पार्टी के कुछ नेता दंगाईयों के साथ खड़े हैं। वे उन्हें उकसाने का काम कर रहे हैं। सीएम योगी और डीजीपी से मांग करता हूं कि दंगाईयों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.