आत्मज्ञान को शिक्षा का आधार बनाने पर जोर, पांच शहरों में खुलेंगे समभाव-समदृष्टि के नि:शुल्क स्कूल

नीति आयोग की सदस्य डॉ. जोरम आनिया ने सतयुग दर्शन वसुंधरा का किया दौरा

फरीदाबाद। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ आत्मज्ञान एवं मानवीय मूल्यों की शिक्षा देने की आवश्यकता पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट की ओर से सार्थक मंथन किया गया। इसी सिलसिले में नीति आयोग की पूर्णकालिक सदस्य डॉ. जोरम आनिया ने 12 नवंबर को अपनी टीम के साथ सतयुग दर्शन वसुंधरा, भूपानी का दौरा किया और ट्रस्ट द्वारा संचालित समभाव-समदृष्टि के नि:शुल्क स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने डॉ. आनिया को बताया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और भौतिक उन्नति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मज्ञान, विवेक, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का विकास भी आवश्यक है। समभाव-समदृष्टि की युक्ति के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक सोच, समानता और सद्भाव की भावना विकसित करने के प्रयासों से भी उन्हें अवगत कराया गया। डॉ. जोरम आनिया ने सतयुग दर्शन इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी तथा सतयुग दर्शन विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा के साथ आत्मिक और मानवीय मूल्यों को महत्व देने की पहल में रुचि दिखाई। उन्होंने ट्रस्ट से आत्मज्ञान आधारित शिक्षा को लेकर एक प्रस्ताव तथा प्राथमिक कक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर भेजने का अनुरोध भी किया।

ट्रस्ट के मार्गदर्शक श्री सजन जी ने कहा कि वर्तमान समय में भौतिक उन्नति की दौड़ के बीच मनुष्य मानवीय मूल्यों और अपने वास्तविक स्वरूप से दूर होता जा रहा है। ऐसे में बच्चों को बचपन से ही नैतिकता, सद्भाव और आत्मज्ञान की शिक्षा देना समय की आवश्यकता है। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए शीघ्र ही पंचकूला, अंबाला, मुरादाबाद, लुधियाना और जालंधर में पांच नए समभाव-समदृष्टि के नि:शुल्क स्कूल शुरू किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मानवता ओलंपियाड, वैल्यू योर वर्चुज प्रतियोगिता और संगीत कला केंद्रों के माध्यम से भी मानवीय मूल्यों के प्रचार-प्रसार के प्रयास किए जा रहे हैं। दौरे के समापन पर डॉ. जोरम आनिया ने ट्रस्ट की गतिविधियों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की और इस पहल को और गहराई से समझने के लिए दोबारा आने की इच्छा जताई। यह दौरा शिक्षा में आत्मज्ञान एवं मानवीय मूल्यों को अधिक महत्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.