वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण से विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनी भाजपा : नागेंद्र नाथ त्रिपाठी
भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय संगठक ने किया संवाद, संगठन की मजबूती और अनुभवों पर हुई चर्चा
फरीदाबाद। भाजपा जिला फरीदाबाद एवं भाजपा महानगर फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जिला कार्यालय अटल कमल में वरिष्ठ कार्यकर्ता संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंघ के समय से लेकर भाजपा की स्थापना तक संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय संगठक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, संघर्ष और समर्पण के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। दीपक के निशान से कमल तक की संगठनात्मक यात्रा में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का योगदान अतुलनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है। पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनसे निरंतर संवाद को संगठन की संस्कार परंपरा मानती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प सभी देशवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी ने भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष और योगदान को संगठन की असली ताकत बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह ने सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने की बात कही। बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संगठन के पुराने अनुभव साझा किए और पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। इस दौरान नरेंद्र पटेल, चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
