लापता दिनेश का 5 हफ्ते बाद भी कोई सुराग नहीं, परिजन बेहाल
फरीदाबाद। श्रमिक विहार, सेक्टर 30 निवासी दिनेश 13 अक्टूबर से रहस्यमय तरीके से लापता है। पुलिस अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। वह कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बेटे की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे दिनेश सेक्टर 27ए, प्लॉट नंबर 6 स्थित अपनी कंपनी प्लेक्सस में काम पर गया था। वहां कुछ देर काम करने के बाद करीब 9 बजे उसने कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड से कहा कि घर में आटा खत्म हो गया है, वह आटा देने घर जा रहा है। इसके बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर बैठकर निकल गया। इनमें से एक दोस्त का नाम अमित बताया जा रहा है, जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो पाई है। इसके बाद से दिनेश का कुछ पता नहीं चला।
जब दिनेश घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रिश्तेदारों, जान-पहचान वालों और संभावित सभी जगहों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। थक-हारकर उन्होंने सेक्टर 28 पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को इतने दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक दिनेश के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है।
दिनेश के लापता होने से परिवार गहरी चिंता और सदमे में है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द दिनेश को खोजने की मांग की है। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दिनेश के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वह तुरंत मोबाइल नंबर 9205345154 पर संपर्क करे ।
