12 दिसंबर की राष्ट्रीय कर्मचारी आक्रोश रैली में भाग लेने का प्रस्ताव पारित : नरेश शास्त्री
फरीदाबाद। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने भोजन अवकाश के दौरान निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन कर दिन में तीन बार हाजिरी लगाने संबंधी निगम प्रशासन के आदेश का विरोध किया। कर्मचारियों ने आदेश वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय कर्मचारी आक्रोश रैली में भाग लेने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर ने की और मंच संचालन यूनियन के सचिव महेंद्र कुरिया ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग पर सरकार को न्यायालयों के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का स्पीकिंग ऑर्डर कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
शास्त्री ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम, विभागीय रोल, पार्ट-1, पार्ट-2, दैनिक वेतन और पार्ट टाइम व्यवस्था के तहत कार्यरत लगभग डेढ़ लाख कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शास्त्री ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों और शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक असुरक्षा की चिंता है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर की रैली में निजीकरण और ठेका प्रथा पर रोक, कच्चे कर्मचारियों का नियमितीकरण, आठवें वेतन आयोग का लाभ 1 जनवरी 2026 से देने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती और नए पद सृजित करने सहित 16 राष्ट्रीय मांगें उठाई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से हजारों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली में पहुंचेंगे। रैली की तैयारी के लिए सर्व कर्मचारी संघ की टीमें फरीदाबाद सहित प्रदेशभर के विभागों में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। प्रदर्शन को नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान दिलीप सिंह बोहत, जिला सचिव अनिल चंडालिया, जिला कोषाध्यक्ष रघुवीर चौटाला, जिला उपप्रधान सुरेश देवी तथा कर्मचारी नेताओं श्रीनंद ढाकोलिया, जितेंद्र छाबड़ा, दान सिंह जीनवाल, देवी चरण शर्मा, हेमवती नंदन, महेश शर्मा, प्रेमपाल, नरेश, भगवान, दर्शन लाल सोया, ललिता देवी, शकुंतला और राजपति सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
