साक्षी भोला बनीं महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव, पंजाबी समाज में खुशी की लहर

फरीदाबाद। हरियाणा में महिला कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री श्रीमती साक्षी भोला को महिला कांग्रेस हरियाणा का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा और महिला प्रदेशाअध्यक्ष पर्ल चौधरी द्वारा की गई है। इस नियुक्ति को प्रदेश में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और महिला नेतृत्व को नई मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। प्रदेश महासचिव नियुक्त होने पर साक्षी भोला ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा, हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त तथा विशेष तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

वहीं, उनकी नियुक्ति पर पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बग्गा, पूर्व जिलाध्यक्ष बीआर ओझा के पुत्र राजन ओझा, पूर्व मेयर स्व. अशोक अरोड़ा के पुत्र भरत अरोड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनीश पाल व राजेश आर्य तथा युवा कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रिंकू चंदीला सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी। साक्षी भोला पिछले कई सालों से महिला कांग्रेस की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। फरीदाबाद के साथ-साथ गुरुग्राम, पलवल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत सहित दक्षिण हरियाणा के विभिन्न जिलों में, खासकर पंजाबी समाज में उनकी अच्छी पकड़ और प्रभावशाली जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति का समाचार मिलते ही फरीदाबाद के पंजाबी समाज सहित राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

साक्षी भोला ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हरियाणा के प्रत्येक जिले और गांव तक महिला कांग्रेस की पहुंच को मजबूत करना, अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस संगठन से जोडऩा तथा महिलाओं के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से उठाना होगा। वह संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ महिलाओं की समस्याओं को पार्टी नेतृत्व एवं सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का कार्य करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा की महिलाएं कांग्रेस की विचारधारा से जुडक़र संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं, बल्कि प्रदेश की महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष करने का एक बड़ा दायित्व है, जिसे वह पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ निभाएंगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.