डंपिंग यार्ड के विरोध में धरना दे रहे ग्रामीणों को समर्थन देगी कांग्रेस : बलजीत कौशिक

कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर मंथन

फरीदाबाद। सेक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की आगामी रणनीति, जनहित से जुड़े मुद्दों और शहर की मौजूदा समस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने और आम जनता के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की मजबूती और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ चौपाल अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने की आवश्यकता हैए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ जनता के बीच जाकर लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभानी चाहिए। पार्टी की गतिविधियों को केवल कार्यालयों तक सीमित न रखकर वार्डों, कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना होगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कराने के लिए प्रभावी आवाज उठाई जा सके। बैठक में फरीदाबाद शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। शहर में जगह-जगह गंदगी, कूड़े के ढेर और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सफाई व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनसमस्याओं की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी और इन मुद्दों को उचित मंच पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। बलजीत कौशिक ने डंपिंग यार्ड के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीणों के समर्थन की घोषणा करते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने क्षेत्र और आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। लोगों की भावनाओं और उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के इस संघर्ष में उनका पूरा साथ देगी और उनकी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगी। जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद की जनता से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी गंभीर है। चाहे शहर की सफाई व्यवस्था हो, पर्यावरण संरक्षण हो या फिर ग्रामीणों की समस्याएं, कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विनोद कौशिक, अनिल शर्मा, डा. सौरभ शर्मा, राकेश चपराना, वेद प्रकाश यादव, रेणू चौहान, अशोक रावल, उमेश कौशिक, मुकेश डागर, सुनीता फागना, एन.के. शर्मा, बाबू लाल रवि, अर्जुन सैनी, विकास फागना, सोनू ढाका, चौ. राघविंदर, जुबैर खान, मनीष बौद्ध सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.