राजपूत समाज की महापंचायत में सामाजिक सुधार के 21 प्रस्ताव पारित, फिजूलखर्ची पर लगेगी रोक

एक रुपये में होगी सगाई, डीजे, आतिशबाजी, मृत्यु भोज और दहेज की नुमाइश पर प्रतिबंध

फरीदाबाद। सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में सादगीपूर्ण परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजपूत समाज की ओर से रविवार को एक महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें जिला फरीदाबाद और जिला पलवल के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। महापंचायत में सामाजिक सुधार से जुड़े 21 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर इन नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। महापंचायत में लिए गए प्रमुख फैसलों के अनुसार अब समाज में सगाई का कार्यक्रम एक रुपये में करने पर सहमति बनी है। शादी-विवाह में दहेज की नुमाइश, डीजे और आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। विवाह समारोह में वधू पक्ष की ओर से अधिकतम 500 लोगों को निमंत्रण दिया जा सकेगा। वहीं वर पक्ष भी सगाई के कार्यक्रम में अधिकतम 500 लोगों को ही आमंत्रित कर सकेगा।

इसके अलावा मृत्यु भोज पर प्रतिबंध लगाने, विवाह समारोह में शराब का सेवन नहीं करने और सेवानिवृत्ति पार्टियों को बंद करने का फैसला लिया गया। विवाह समारोह दिन के समय आयोजित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। सगाई, शादी और नवजात शिशु के जन्म पर किन्नर समाज को अधिकतम 5100 रुपये देने की सीमा भी निर्धारित की गई। महापंचायत की अध्यक्षता श्री गुरुदयाल तोमर ने की। पंचायत के संयोजक प्रताप भाटी ने कहा कि यह महापंचायत समाज सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। समाज के सभी लोगों से इन निर्णयों को अपनाने की उम्मीद है, ताकि आने वाली पीढिय़ों को एक अच्छी सामाजिक व्यवस्था मिल सके। पंचायत के समन्वयक राजेश रावत ने सभी 21 प्रस्तावों को विस्तार से रखते हुए उपस्थित लोगों से हाथ उठवाकर उनकी सहमति ली। उन्होंने कहा कि इन नियमों का उद्देश्य सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च को कम करना और समाज में समानता तथा सादगी को बढ़ावा देना है। महापंचायत को संबोधित करते हुए बल्लभगढ़ की पूर्व विधायक शारदा राठौर ने कहा कि पंचायत में लिए गए निर्णयों से शादी-विवाह सहित अन्य आयोजनों में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगेगी। इससे समाज के युवा वर्ग को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े लोगों को स्वयं पहल करनी होगी और इन फैसलों को व्यवहार में लागू करना होगा। महापंचायत में सभी निर्णयों को लागू करवाने और उनकी निगरानी के लिए एक कमेटी गठित करने का भी फैसला लिया गया। यह कमेटी समाज के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता करेगी तथा मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए भी मदद उपलब्ध करवाएगी। इसके साथ ही कमेटी छह महीने बाद दोबारा पंचायत बुलाकर पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेगी। पंचायत को डॉक्टर हरिंदर पाल, ठाकुर राजाराम, राजेश चेयरमैन, हुकम सिंह भाटी, मुकेश भाटी  सूरजपाल भूरा  खेमी ठाकुर ,राजेश भाटी  गजेंद्र सरपंच, हरिंदर भाटी, सौदान सिंह , किरण पाल, फरीदाबाद बार एसो. के अध्यक्ष बॉबी रावत, भूपेश रावत, अनिल सरपंच, राजेश पहलवान, सुमित चेयरमैन, धर्मपाल सरपंच, डा. संजय रावत, नाहर सिंह सरपंच, विरेंद्र एडवोकेट, प्रकाश सरपंच, मोतीलाल सरपंच, बृजभान, सुभाष सरपंच, पप्पू नंबरदार, रामचंद्र सरपंच, ताराचंद सरपंच आदि ने संबोधित किया ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.