नीमका में ग्रामीणों के हक और स्वास्थ्य की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर करेंगे संघर्ष: रोहित नागर
फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव नीमका में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। डंपिंग यार्ड के खिलाफ ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हुए और नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों के इस आंदोलन को तिगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर ने भी खुला समर्थन देते हुए साफ कर दिया कि नीमका की जमीन पर किसी भी कीमत पर कूड़ाघर नहीं बनने दिया जाएगा। रोहित नागर शनिवार को भी अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत ग्रामीणों के बीच अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नीमका में डंपिंग यार्ड बनाने का फैसला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके लिए चाहे कितना ही बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े, ग्रामीणों के साथ मिलकर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने भी एकजुट होकर डंपिंग यार्ड के निर्माण का विरोध किया और प्रशासन से इस प्रस्ताव को तत्काल रद्द करने की मांग उठाई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोहित नागर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ कर रही है। नीमका में डंपिंग यार्ड बनने से न केवल एक गांव, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों का जनजीवन प्रभावित होगा। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध, प्रदूषण और गंदगी से वातावरण दूषित होगा तथा गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसका सीधा असर ग्रामीणों के स्वास्थ्य, आने वाली पीढय़िों और पर्यावरण पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल डंपिंग यार्ड का विरोध नहीं, बल्कि ग्रामीणों के स्वच्छ वातावरण में जीने के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि क्षेत्र के ग्रामीण इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय, केंद्रीय और राज्य स्तर के मंत्रियों से मुलाकात कर अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन उन्हें ठोस समाधान देने के बजाय अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
इस मौके पर जगबीर सरपंच, प्रताप नागर धीरज यादव, नरवीर यादव, यशपाल नागर,जोगिंदर नागर , चमन लोहिया, सुंदर नागर, जयचंद, संजय, नितिन ब्रह्म सिंह, अमित सिंह नवादा, जयवीर यादव, रोहतास, मनीष, नितिन, पंकज नागर,प्रेमचंद शर्मा, हरिश्चंद्र हवलदार आदि सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
