युवाओं की लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी ही विकसित भारत @2047 के संकल्प को करेगी साकार : प्रो. डॉ. अजय रंगा

- वाईएमसीए विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन, 250 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

फरीदाबाद । युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत (MY Bharat), फरीदाबाद द्वारा मंगलवार को जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना, उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम में 250 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक शपथ लेकर जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के रजिस्ट्रार प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इसके अतिरिक्त सचिन ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता अमित भारद्वाज, विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) प्रदीप दिमरी तथा युवा आइकन कु. तनिष्का राज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में जन नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता, युवाओं की आकांक्षाओं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने रखा।

यह आयोजन 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद पहल का हिस्सा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और युवा नागरिक, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवा, देश के लोकतांत्रिक भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त एवं जागरूक लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। प्रत्येक युवा को अपने मताधिकार और नागरिक दायित्वों के महत्व को समझते हुए उनका जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम युवाओं को उनके मत की शक्ति, चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही, युवाओं को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और अतिथियों के बीच आयोजित संवादात्मक सत्र रहा। विशेष रूप से युवा आइकन कु. तनिष्का राज के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर विभिन्न प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए।

मेरा युवा भारत, फरीदाबाद की जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि विकसित भारत युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना और उनमें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है। यह पहल युवाओं को केवल देश की प्रगति से अवगत कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने विचारों, आकांक्षाओं और सामर्थ्य के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए भी प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मक सोच और सकारात्मक भागीदारी विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.