खेलमंत्री गौरव गौतम ने किया ‘पॉवर हिटर्स टर्फ जोन’ का उद्घाटन
फरीदाबाद। हरियाणा के पलवल में खेल प्रेमियों के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत हुई है। क्रिकेट और फुटबॉल के शौकीनों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘पॉवर हिटर्स ट्रफ जोन’ का शुभारंभ किया गया। इस टर्फ ज़ोन का उद्घाटन हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर टर्फ ज़ोन के संचालक रोहित भारद्वाज मौजूद रहे। ‘पॉवर हिटर्स ट्रफ जोन’ के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज भी मौके पर मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने टर्फ ज़ोन का निरीक्षण किया और खिलाडिय़ों के लिए शुरू की गई इस सुविधा के बारे में जानकारी ली।
इस तरह के खेल स्थलों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, नियमित अभ्यास करने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का अवसर मिलता है। यहां पर प्रीमियम टर्फ और शानदार फ्लडलाइट्स की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां खिलाड़ी दिन के साथ-साथ रात में भी खेल का आनंद ले सकते हैं। यहां क्रिकेट और फुटबॉल खेलने के लिए खिलाड़ी अपने दोस्तों और टीम के साथ आ सकते हैं। टर्फ ज़ोन में खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए प्रति घंटे के हिसाब से बुकिंग और मंथली मेंबरशिप के विकल्प भी रखे गए हैं। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच क्रिकेट खेलने के लिए 800 रुपये प्रति घंटा, जबकि शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक 1,000 रुपये प्रति घंटा निर्धारित किए गए हैं। शनिवार और रविवार को दिन के समय 1,000 रुपये और शाम के समय 1,200 रुपये प्रति घंटा शुल्क रखा गया है। वहीं, मंथली मेंबरशिप के तहत सोमवार से शुक्रवार तक के लिए 12 हजार रुपये और पूरे सप्ताह खेलने के लिए 15 हजार रुपये का विकल्प उपलब्ध है।
