आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा और प्रतिभा में न बनें बाधा : आकाश जय नागर
संवेदना फाउंडेशन ने छात्राओं को साइकिल और स्कूल बैग बांटे
फरीदाबाद। शिक्षा को प्रोत्साहन देने और जरूरतमंद छात्राओं को आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संवेदना फाउंडेशन के फाउंडर आकाश जय नागर ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की। शुक्रवार को तिगांव स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को साइकिल और स्कूल बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम के तहत दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को आकाश जय नागर ने साइकिल भेंट की। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को स्कूल बैग प्रदान किए गए। इस पहल में पीएमश्री कन्या गवर्नमेंट गल्र्स स्कूल, तिगांव की छात्राएं भी शामिल रहीं। उपहार पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर आकाश जय नागर ने कहा कि संवेदना फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। संस्था पिछले करीब तीन वर्षों से शिक्षा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंद लोगों की मदद के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा और प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष मार्च में दसवीं और बारहवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के योगदान को भी सम्मान देना है। कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रिंसिपल हंसराज ने आकाश जय नागर का फूल-मालाओं से स्वागत किया और फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल रूप किशोर शर्मा, सुनील नागर, जितेंद्र शास्त्री, डीपी सतवंत सिंह, योगेंद्र नागर, विजयपाल नागर, धर्म प्रकाश एस्कॉर्ट, विजय आर्य, रामकुमार शर्मा सहित अनेकों व्यक्ति उपस्थित रहे।
