युवाओं में बढ़ती तंबाकू सेवन की आदत चिंताजनक : डॉ. नोवक गुप्ता
फरीदाबाद। विश्व नो तंबाकू दिवस के अवसर पर सेक्टर स्थित एकॉर्ड अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नोवक गुप्ता ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की बड़ी वजह बनता जा रहा है और समय रहते इसकी लत छोडऩा बेहद जरूरी है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में हर महीने करीब 80 से 100 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें तंबाकू सेवन से जुड़ी बीमारियों के लक्षण पाए जाते हैं। इनमें मुंह का कैंसर, गले का कैंसर, फेफड़ों की बीमारी और सांस संबंधी दिक्कतें प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, पान मसाला और हुक्का जैसे उत्पाद धीरे-धीरे शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती तंबाकू सेवन की आदत चिंता का विषय है। कई लोग शौक में इसकी शुरुआत करते हैं, लेकिन बाद में यह गंभीर लत बन जाती है। तंबाकू छोडऩे के बाद भी शरीर को सामान्य होने में समय लगता है, इसलिए जितनी जल्दी लोग इसे छोड़ेंगे, उतना बेहतर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की ओर से लोगों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। डॉक्टरों ने स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम और तनाव मुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। मरीजों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए और तंबाकू छोडऩे के लिए काउंसलिंग की जानकारी दी गई।
