बृज 84 कोस परिक्रमा 17 मई से शुरू, मंडलायुक्त ने मार्ग का जायजा
फरीदाबाद। देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बृज 84 कोस परिक्रमा 17 मई से शुरू हो रही है। फरीदाबाद के मंडलायुक्त संजय जून ने परिक्रमा की तैयारियों की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि भक्तों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण भी किया। यह पवित्र यात्रा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न गांवों से होकर गुजरती है, जिसमें मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना और नंदगांव जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। पलवल जिले में यह परिक्रमा डाढका, सौंध, बंचारी, डकोरा, मर्रोली, खाम्बी, लिखी और हसनपुर जैसे गांवों से होकर गुजरेगी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा करने वाले भक्तों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कि मार्ग में जगह-जगह बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। आयुक्त ने विशेष रूप से नंगे पैर चलने वाले भक्तों की सुविधा पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परिक्रमा मार्ग में उनके पैरों में कोई कंकड़-पत्थर न चुभे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मार्ग को बाधा मुक्त बनाने और गड्ढों व जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। मंडलायुक्त संजय जून ने परिक्रमा मार्ग में पडऩे वाले विभिन्न गांवों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों ने उन्हें पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था की कमी जैसी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ा कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। इस दौरान उनके साथ सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम बलीना, एसडीएम अमित गुलिया, डीआरओ बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, डीआरओ बलराज सिंह दांगी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
