फरीदाबाद में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे अजय संग दुष्यंत चौटाला

- जेजेपी के प्रति बढ़ा जनसमर्थन, चार गुणा स्पीड से करेंगे जोरदार वापसी : दुष्यंत चौटाला  

फरीदाबाद। पिछले दो माह में जननायक जनता पार्टी के प्रति जनसमर्थन बढ़ा है। अनेक लोग जेजेपी से जुड़े व बहुत सारे नेताओं ने घर वापसी की और यही आने वाले दिनों में जेजेपी की ताकत बनेगी। यह बात हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। उन्होंने कहा कि हम निरंतर मेहनत जारी रखेंगे और जेजेपी चार गुणा स्पीड से जोरदार वापसी करेगी। वे शुक्रवार को फरीदाबाद में जेजेपी की प्रदेश स्तरीय बैठक के उपरांत पत्रकारों से रूबरू थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पांच अगस्त को इनसो द्वारा प्रदेशभर में ‘सामाजिक सरोकार दिवस’ कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि सभी 22 जिलों में हमारे संगठन के साथी अच्छा काम कर रहे है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आने वाले समय में जेजेपी प्रदेश स्तर के कार्यक्रम शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, एससी, बीसी, महिला प्रकोष्ठों के सितंबर और अक्टूबर माह में बड़े-बड़े कार्यक्रम होंगे, इसलिए 31 अगस्त तक इन सभी प्रकोष्ठों के गठन के दिशा-निर्देश पदाधिकारियों को दिए गए। साथ ही जननायक चौधरी देवीलाल के जयंती कार्यक्रम को लेकर सभी 22 जिलों में जेजेपी बैठक करेगी। इस दौरान जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने फरीदाबाद जेजेपी जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूती बारे आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दुष्यंत चौटाला ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सम्मान न देने के लिए भाजपा की निंदा की और इसे ओछी राजनीति बताया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दोनों दिग्गज नेताओं ने भाजपा संगठन के लिए बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक के अंतिम संस्कार में भाजपा के बड़े नेताओं का ना जाना और उन्हें राजकीय सम्मान न देना गलत है जबकि उन्होंने तो देश के सबसे बड़े संवैधानिक संशोधन धारा 370 हटाने पर हस्ताक्षर किया था और भाजपा उसका गुणगान भी करती है।

वहीं पूर्व उपराष्ट्रपति का संसद में अंतिम भाषण नहीं करवाया गया। भारत देश कमजोर नहीं है और आज हर क्षेत्र में भारत विश्व स्तर में अपनी अलग पहचान बना रहा है। बड़ी-बड़ी विदेशी कंपनियां हमारे भारतीय लोगों पर ही निर्भर है। जेजेपी बैठक में जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी, केसी बांगड़, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, राजदीप फौगाट, प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, सभी जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, हलका प्रभारी, हलका अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.