रमेश जागलान चौथी बार बने निगम कर्मचारी फेडरेशन के प्रधान

फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय प्रांगण में शुक्रवार को हुए म्युनिसिपल कारपोरेशन एम्पलाइज फेडरेशन के चुनाव में रमेश कुमार जागलान को लगातार चौथी बार प्रधान चुना गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी अतर सिंह भड़ाना को हराकर यह जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया फेडरेशन के संस्थापक महासचिव रतन लाल रोहिल्ला की देखरेख में सम्पन्न हुई। चुनाव समिति में एमसीएफ रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान शाहबीर खान, रण सिंह भड़ाना व दशरथ कुमार रेडू शामिल रहे।

गुप्त मतदान से हुए इस चुनाव में फेडरेशन से संबद्ध कार्यालय कर्मचारी यूनियन, उद्यान विभाग कर्मचारी यूनियन, माली यूनियन और वाहन चालक यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसके लिए सभी नेताओं ने कर्मचारियों का आभार जताया। नवनिर्वाचित प्रधान रमेश जागलान को सैंकड़ों कर्मचारियों ने बधाई दी और उनके नेतृत्व में कर्मचारियों की आवाज बुलंद होने की उम्मीद जताई। जागलान ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे निगम कर्मियों की एकता बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहेंगे।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर पर कर्मचारियों की साझा मांगों के लिए चल रहे आंदोलनों में भी वह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि निगम के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने के लिए यूनियन प्रशासन को सुझाव देगी, जिससे नागरिकों और कर्मचारियों दोनों को राहत मिल सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.