सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर की दशहरा परंपरा के 76 गौरवशाली वर्ष पूरे: डॉ.राजेश भाटिया
फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर सनातन धर्म महावीर दल एवं पंजाबी सभा द्वारा आयोजित 76वां भव्य दशहरा महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में शहर की विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं सहित नगर निगम फरीदाबाद का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बड़खल विधायक धनेश अदलक्खा और पूर्व विधायक चंदर भाटिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर द्वारा दशकों से इस धार्मिक परंपरा को सहेजना और समाज में सेवा व सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना अत्यंत सराहनीय है। विधायक धनेश अदलक्खा एवं चंदर भाटिया ने भी इस ऐतिहासिक आयोजन को भारतीय संस्कृति और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया।
मंदिर संस्था के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने सभी अतिथियों व शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा परंपरा के 76 गौरवशाली वर्ष पूरे होना फरीदाबाद के लिए गर्व का विषय है। यह यात्रा श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और संस्थापकों के समर्पण का परिणाम है। वहीं, पंजाबी सभा के प्रधान राज कुमार वोहरा ने कहा कि यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है जो समाज को एकजुट करता है।
