पलवल में ATM कार्ड बदलकर ठगी का आरोपी काबू:CIA टीम ने फरीदाबाद से पकड़ा
पलवल जिले में सीआईए टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कैंप थाना में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को हथीन निवासी राम मंडल ने शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि रेलवे रोड पर स्थित एक एटीएम मशीन से पैसे निकालने गए थे। वहां 2-3 लड़कों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और उनके खाते से 29 हजार रुपए निकाल लिए।
आरोपी को फरीदाबाद से पकड़ा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सीआईए टीम ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सुखराम उर्फ लड्डू को फरीदाबाद सेक्टर-12 से पकड़ा। सुखराम बढराम गांव का रहने वाला है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुखराम के खिलाफ फरीदाबाद और पलवल के विभिन्न थानों में एटीएम बदलकर धोखाधड़ी, चोरी और अवैध हथियार रखने जैसे 15 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने कोर्ट में किया पेश
सीआईए टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है और पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इससे धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए एटीएम कार्ड और ठगी गई रकम बरामद की जा सकेगी। पुलिस इस मामले में उसके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
