बुजुुर्ग महिला के कुंडल चुराने वाले दो गिरफ्तार

फरीदाबाद। जिले के गांव डबुआ में बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उसके सोने के कुंडल उतरवाने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ओमिन (28) और रियासत (32) निवासी गांव तिलपत, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि डबुआ निवासी एक बुजुर्ग महिला ने थाना डबुआ में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 मार्च की सुबह वह डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उससे मंदिर का रास्ता पूछने लगा।

महिला जब उसे रास्ता बता रही थी, तभी थोड़ी देर में उस युवक के दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। तीनों युवकों ने बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझा लिया और चालाकी से उसके कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों ओमिन और रियासत को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। 26 मार्च की सुबह उनके एक साथी ने महिला का रास्ता रोककर उसे बातचीत में उलझाया था। इसके बाद ओमिन और रियासत भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला को बहला-फुसलाकर उसके सोने के कुंडल उतरवा लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जाएंगी और तीसरे आरोपी की तलाश भी की जा रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.